महानगर की बढ़ती आबादी और कानून व्यवस्था की जरूरत के मद्देनजर महानगर में दो नए थानों के सृजन का प्रस्ताव पुलिस महानिदेशालय भेजा गया है। इनमें क्षेत्रफल के हिसाब से शहर के सबसे बड़े थाने क्वार्सी का बंटवारा कर महुआखेड़ा में नया थाना बनाने और देहली गेट व लोधा का बंटवारा कर रोरावर में नया थाना बनाने का प्रस्ताव शामिल है।
इससे पहले जवां क्षेत्र में गोधा चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है, उसका शासन से नोटीफिकेशन जारी कराने का अनुरोध किया गया है। पुलिस नियमावली पर गौर करें तो जिले में अब तक 50 से अधिक थाने बनकर तैयार हो गए होते। मगर फोर्स की कमी के चलते नए थानों को नहीं बनाया जा रहा।
बस जरूरत के हिसाब से नए थाने सृजित किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष डीजीपी मुख्यालय से जवां क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर बुलंदशहर बॉर्डर की गोधा चौकी को थाना बनाने का प्रस्ताव मंजूर कर दिया गया। मगर अभी तक शासन से इसका नोटीफिकेशन नहीं हो पाया है। इसलिए थाना संचालित होने में दिक्कत आ रही है। मगर एसएसपी ने इस संबंध में शासन को पत्राचार कर नोटीफिकेशन जारी करने का अनुरोध किया है।
इसके अलावा शहरी आबादी को देखते हुए सबसे बड़े थाने क्वार्सी को दो भागों में बांटकर यहां भी नया थाना महुआ खेड़ा में सृजित कराने का प्रस्ताव भेजा है। इसी तरह देहली गेट व लोधा का बंटवारा कर रोरावर में नए थाने का प्रस्ताव भेजा है।
रोरावर थाने के प्रस्ताव में इस बात का ध्यान रखा गया है कि देहली गेट थाने में इस क्षेत्र की पूरी शहरी आबादी को शामिल रखा गया है, जबकि देहली गेट में आने वाली ग्रामीण आबादी को रोरावर में शामिल करने का प्रस्ताव है। इसी तरह इगलास की गोरई चौकी को नए थाने का प्रस्ताव बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह प्रस्ताव भी जल्द ही भेजा जाएगा।
----