संगठन के चुनाव के तहत भाजपा महानगर की कार्यशाला 2 दिसंबर को सुबह 11 बजे कयामपुर रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर होगी। इसमें महानगर चुनाव अधिकारी राजीव गुंबर मौजूद रहेंगे। महानगर के सह चुनाव अधिकारी मानव महाजन ने बताया कि महानगर के सभी आठ मंडलों के अध्यक्षों और मंडल चुनाव अधिकारियों के साथ मंडलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं को कार्यशाला में बुलाया गया है। जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह लाला ने बताया कि जिले की कार्यशाला पांच दिसंबर को जिला कार्यालय पर होगी, जिसमें जिले के 27 मंडलों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
दिल्ली, लखनऊ की दौड़ लगा रहे नेता
भाजपा में मंडल, महानगर और जिला अध्यक्ष पद को पाने के लिए नेता पूरा दम लगाए हुए हैं। इसके लिए लखनऊ और दिल्ली तक की दौड़ लगाई जा रही है। सभी आठ मंडलों, महानगर और जिला स्तर पर जातिगत समीकरणों का भी ध्यान रखा जा रहा है। चर्चा है कि जिलाध्यक्ष पद पर ब्राह्मण और जाट नेता दावेदारी कर रहे हैं। वहीं महानगर अध्यक्ष पद पर वैश्य और ब्राह्मण नेता दावेदारी कर रहे हैं।