कपड़े-जूतों की जरूरत है तो ले जाओ, ज्यादा हैं तो नेकी की दीवार पर छोड़ जाओ थीम पर अलीगढ़ जंक्शन अधीक्षक ने नेकी की दीवार रेलवे स्टेशन के बाहर बनाई है। सोमवार को इस दीवार का शुभारंभ किया गया। एनजीओ आजाद फाउंडेशन ने जरूरतमंदों के लिए वहां पर गर्म कपड़े रखवा दिए। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि दीवार पर बांधी गई रस्सी पर कोई भी मददगार गर्म कपड़े व अन्य जरूरत की चीजें आकर टांग सकता है।
इससे गरीब एवं असहाय लोगों को उनकी जरूरत की चीजें आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने शहरवासियों से गरीब एवं असहाय लोगों की हरसंभव मदद के लिए आगे आने की अपील की है । शुभारंभ के दौरान आजाद फाउंडेशन की अध्यक्ष साजिया सिद्दीकी, स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता, आरपीएफ से अनवर खान, देवेश कुमार आदि मौजूद रहे।