लापरवाह डॉक्टरों का रद्द हो लाइसेंस
- फोटो : Dig vishal
एएमयू जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र शाबिर हुसैन की डेंगू से मौत के बाद छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने छात्रों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और उसके बाद बाबा-ए-सैयद जाम कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन एएमयू एवं जिला प्रशासन को सौंपा।
छात्र इलाज में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों की पूरी टीम का लाइसेंस रद्द करने, शाबिर के परिवार के एक सदस्य को एएमयू में नौकरी एवं 20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
इसके लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। वहीं रेजीडेंट डॉक्टरों ने भी एएमयू प्रशासन द्वारा गठित जांच कमेटी पर सवाल उठाते हुए डॉ. सुशील का निलंबन वापस लेने की मांग की है। 48 घंटे में निलंबन वापस नहीं लिए जाने की स्थिति में मेडिकल में हड़ताल की चेतावनी दी है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को डेंगू से पीड़ित बीटेक छात्र शाबिर हुसैन की मौत मेडिकल कॉलेज में हो गई थी। छात्र डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैैैं।