नौरंगाबाद नौदेवी मंदिर में नवरात्रि पर पूजन करते श्रद्धालु।
- फोटो : CITY OFFICE
चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा अर्चना की। सुबह से लेकर देर रात तक देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। आरती-पूजा कर लोगों ने घंटे घड़ियाल बजाकर माता के जयकारे लगाए। इसके अलावा शहर में विभिन्न जगह भजन संध्या और फलाहार कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
सुबह सात बजे से स्नान कर श्रद्धालुओं ने पहले घर के पूजा स्थल को शुद्ध किया। दूसरे दिन माता की चौकी पर देवी मां के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा अर्चना की। अज्ञारी कर भोग प्रसाद लगाया। इसके बाद श्रद्धालुओं देवी मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचे। नौरंगाबाद स्थित प्रसिद्ध नौदेवी मंदिर सहित शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक, धूप-दीप जलाकर श्रद्धालुओं ने घर में सुख समृद्धि की कामना की। दोपहर के बाद देर रात तक देवी मंदिरों में श्रद्धालु आरती-पूजा, भजन-संकीर्तन, पाठ आदि के लिए पहुंचे। शाम को आरती के दौरान सैकड़ों की भीड़ मंदिरों में मौजूद रही। मंदिरों के पुजारियों ने नई-नई पोशाकें पहनाकर देवी मां की प्रतिमाओं का आकर्षक शृंगार किया। देवी के भक्त इन शृंगार और पोशाकों के चलते देवी मां के स्वरूपों को निहारते रहे।