ईदगाह शाहजमाल में सियासी लोग भी पहुंचे। पूर्व विधायक विवेक बंसल, सलाउद्दीन वसी, बसपा नेता सूरज सिंह, अशोक सिंह, बाबा फरीद, नौशाद कुरैशी, आमिर आबिद सहित अन्य नेताओं ने नमाज पढ़कर ईदगाह से बाहर निकले लोगों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
कई मोहल्लों में पानी की किल्लत
कांग्रेस नेता एसएम कयाम और इंजी. आगा यूनुस नगर निगम पर जमकर बरसे। नेताओं ने कहा कि बकरीद पर जयगंज, सराय रहमान, बनी ईसराइलान, शेखान मोहल्ला, मल्लाह का नगला समेत कई मुस्लिम इलाकों में लोगो को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। कयाम का आरोप है कि उन्होंने सुबह साढ़े आठ बजे तक पानी न आने पर जब जिलाधिकारी को फोन किया। इसके बाद टैंकर के जरिये पेयजल आपूर्ति हो सकी।
बारिश से हुआ कीचड़
बृहस्पतिवार अलसुबह हुई बारिश से शाहजमाल के रास्ते पर कीचड़ हो गया। जिससे सुबह ईदगाह के रास्ते पर पैदल भी बच बच कर चलना पड़ा। नये कपड़ों में घर से निकले युवा, बुजुर्ग और बच्चे बचते बचते चल रहे थे। इसी बीच बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिससे लोगों ने अपने साथ लाए हुए कपड़ों, चटाई और जानमाज से खुद को बारिश में भीगने से बचाया। इस दौरान सफाई कर्मी पानी निकालने की जुगाड़ करते रहे। शाहजमाल के अलावा जमालपुर ईदगाह सहित मस्जिदों के इर्दगिर्द इसी तरह की समस्या रही।