नगर निगम उपचुनाव में शनिवार को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आवंटन हुआ। चुनाव वार्ड दस (सराय दीनदयाल) और वार्ड 50 (मौलाना आजाद नगर) में पार्षद पद के लिए होगा। वार्ड 10 में तीन और वार्ड 50 में आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन दाखिल करने वाले किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया है। चुनाव चिन्ह आवंटन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशी आज से अपने पक्ष में आचार संहिता के दायरे में और कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए चुनाव प्रचार कर सकेंगे।
सुबह छह से दस बजे तक पांच लोगों की मौजूदगी में होगा प्रचार
नगर निगम उपचुनाव के रिटर्निंग अफसर राजेश कुमार ने बताया कि कोविड गाइडलाइन के तहत प्रत्याशी अपने पक्ष में सुबह छह से दस बजे तक चुनाव प्रचार करेंगे। इसमें पांच लोग ही शामिल हो सकते हैं। जुलूस निकालने और जनसभा पर पाबंदी रहेगी। मतदान के दिन मतदेय स्थलों पर कोविड कक्ष भी बनाया जाएगा। अगर, कोई भी संदिग्ध वोटर आता है तो उसका वोट सबसे अंत में डलवाया जाएगा।
चार मई का मतदान होगा, छह को गिनती
रिटर्निंग अफसर के मुताबिक चुनाव ईवीएम से होगा। चार मई को मतदान होना है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए सुरक्षा बलों की निगरानी में चुनाव कराया जाएगा। छह मई को मतों की गणना करने के बाद विजेता का नाम घोषित किया जाएगा।
वार्ड संख्या दस (सराय दीनदयाल) से ये हैं उम्मीदवार
गौरव कुमार सपा से और राहुल भाजपा से प्रत्याशी हैं। जबकि राजू पासवान निर्दलीय हैं। इनको कार चुनाव चिन्ह मिला है।
वार्ड दस के वोटर व बूथ
वार्ड दस के तीन मतदेय स्थल धर्म समाज डिग्री कालेज में हैं। कक्ष संख्या 1 में 1108 वोटर हैं। कक्ष संख्या 2 में 927 वोटर हैं। कक्ष संख्या 3 में 1492 वोटर हैं। धर्म समाज इंटर कालेज में दो बूथ हैं। यहां कक्ष एक में 1307 वोटर हैं। कक्ष दो में 946 वोटर हैं। बाल विकास निकेतन स्कूल में दो बूथ हैं। इसमें कक्ष एक में 848 और कक्ष तीन में 1108 वोटर हैं।
वार्ड संख्या 50 (मौलाना आजाद नगर) में आठ उम्मीदवार
कौशर जहां सपा से, नाजरीन भाजपा से, मनीषा बेगम कांग्रेस से, मीना बेगम एआईएमआईएम से प्रत्याशी हैं। वहीं, नगमा निर्दलीय हैं, इनका चुनाव चिन्ह कार है। नूर बानो का चुनाव चिन्ह ताला-चाबी, शाबिया उर्फ शबाना का चुनाव चिन्ह गमला, सलीमन बेगम का चुनाव चिन्ह कलम-दवात है।
वार्ड 50 के मतदेय स्थल और वोटर
टर्निंग एंड एडजसमेंट सेंटर अस्थाई निर्माण मतदेय स्थल में 1288 मतदाता है। इसी बूथ के कक्ष संख्या चार में 897 वोटर हैं। मौलाना अब्दुल कलाम आजाद बूथ के कक्ष एक में 1182 और कक्ष दो में 1380 वोटर हैं। फैजान जूनियर हाईस्कूल के कक्ष एक में 1148, कक्ष दो में 1347 और कक्ष तीन में 1266 वोटर हैं।