एटा चुंगी से सटे सरोज नगर कालोनी में कुलदीप ज्वेलर्स के घर एक करोड़ की लूट के दौरान उनकी पत्नी कंचन वर्मा की हत्या का राज खुल गया है। इस वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि उनके बेटे ने ही अंजाम दिया था। इस खुलासे के बाद परिवार चुप्पी साधे है। मगर, पुलिस अपना काम तेजी से कर रही है। आरोपियों को जेल भेजने के बाद अब वैज्ञानिक साक्ष्यों के मिलान की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। इस क्रम में सबसे पहले घर से लूटे गए जेवरात की पहचान न्यायालय से अनुमति लेकर ज्वेलर्स से कराई जाएगी।
19 फरवरी की दोपहर हुई वारदात का 20 फरवरी को ही पुलिस ने खुलासा कर दिया था। इस वारदात को कुलदीप के बेटे योगेश उर्फ राजा ने अपने दोस्त तनुज, अपनी पत्नी व तनुज की प्रेमिका संग मिलकर अंजाम दिया। शनिवार रात गिरफ्तारी के बाद रविवार को उन्हें जेल भेज दिया गया। इस खुलासे के बाद से कुलदीप व उनका परिवार चुप्पी साधे हुए हैं। हालांकि शुरुआत में कुलदीप ने पुलिस को दबी जुबां से बेटे को बचाने के लिए कहा था। मगर पुलिस ने कुलदीप की बात को नजरंदाज कर दिया। सोमवार को भी कुलदीप से बातचीत की कोशिश की गई। मगर उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
इधर, पुलिस मौके से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के मिलान पर काम कर रही है। सबसे पहले तो घर से लूटे गए एक करोड़ के जेवरात की पहचान के लिए न्यायालय से अनुमति लेकर वादी को बुलाकर पहचान कराएगी। इसके बाद मौके पर मिले बाल, फिंगर प्रिंट व फुट प्रिंट के मिलान के लिए भी न्यायालय से अनुमति ली जाएगी। फिर जेल भेजे गए दोनों आरोपियों के बाल, फिंगर व फुट प्रिंट लिए जाएंगे। उन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला मिलान के लिए भेजा जाएगा। ताकि न्यायालय में मजबूत केश डायरी दाखिल की जा सके और जल्द से जल्द ट्रायल शुरू कराकर आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।
-ज्वैलर्स लूट व हत्याकांड में आरोपियों को जेल भेजने के बाद अब साक्ष्य मिलान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी। इसके लिए विवेचक को निर्देशित कर दिया गया है।-मुनिराज जी एसएसपी
अब अलग रहना होगा दोनों प्रेमी जोड़ों को
इस वारदात में जेल भेजे गए दोनों प्रेमी जोड़े अब अलग-अलग रहेंगे। दोनों युवतियों को तो जिला कारागार की महिला कारागार में रखा गया है, जबकि दोनों दोस्तों को पुरुष कारागार में रखा गया है। इस वारदात के बाद उनके मिलने जुलने पर भी पाबंदी रहेगी। अब यह कब तक जेल में रहेंगे, यह तो कहना मुश्किल है। मगर इतना जरूर है कि इन दोनों जोड़ों के प्यार पर कानूनी पाबंदी जरूर रहेंगी।