धनीपुर हवाई पट्टी में फिल्म अटैक की शूटिंग में आग से निकलकर जाने का सीन शूट कराते अभिनेता जॉन अब्राहम।
- फोटो : अमर उजाला
धनीपुर हवाई पट्टी पर जॉन अब्राहम स्टारर फिल्म अटैक की शूटिंग के दौरान सोमवार को आग लग गई। फिल्म के एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान ब्लास्ट किया गया था, तभी चिंगारी हवाई पट्टी के किनारे खड़ी सूखी घास की ओर चली गई। इससे आग लग गई। जिससे अफरातफरी मच गई। गनीमत थी कि हवाई पट्टी के पास दमकल की दो गाड़ियां खड़ी थीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। इसके बाद फिल्म के दूसरे सीन फिल्माए गए।
धनीपुर हवाई पट्टी पर फिल्म अटैक की शूटिंग शनिवार से चल रही है। सोमवार को करीब साढ़े तीन बजे जॉन अब्राहम पर एक्शन सील फिल्माए जा रहे थे। इसके लिए हवाई पट्टी पर गैस सिलिंडरों में आग लगाकर ब्लास्ट कराया जा रहा था। तभी चिंगारी से सूखी घास में आग लग गई। अभिनय टीम मौके से हट गई, जो दर्शक बाउंड्रीवाल पर खड़े होकर शूटिंग देख रहे थे। उनको भी तत्काल वहां से हटाया गया। दमकल की टीम को बुलाया गया। दमकल की दो टीमों ने आग पर जैसे-तैसे काबू पाया। करीब चार बजे फिर से शूटिंग शुरू हो सकी।
ट्रैक्टर, जेसीबी लेकर पहुंचे शूटिंग देखने पहुंचे
सोमवार को शूटिंग का आखिरी दिन था। इसको लेकर भारी संख्या में दर्शक गाड़ियों, जेसीबी और ट्रैक्टर सहित अन्य वाहन लेकर पहुंचे। मुख्य गेट से अंदर न जाने देने पर वह हवाई पट्टी के चारों ओर बाउंड्रीवाल पर इन वाहनों के सहारे चढ़ गए। वहां से शूटिंग देखने लगे। बताया जा रहा है कि फिल्म ईद पर रिलीज होगी।
आज से शुरू होंगी उड़ानें
धनीपुर हवाई पट्टी पर फिल्म अटैक की शूटिंग के चलते शनिवार से सोमवार तक यहां से ट्रेनिंग फ्लाइंग अकादमियों की उड़ानों को बंद कर दिया गया था। सोमवार को शूटिंग खत्म हो गई। अब फिर से यहां से हवाई उड़ानें शुरू होंगी।
धनीपुर हवाई पट्टी में फिल्म अटैक की शूटिंग के दौरान सीन का समझते अभिनेता जॉन अब्राहम।- फोटो : CITY OFFICE