सड़क किनारे भवन निर्माण सामग्री रख व्यापार करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार को अभियान चलाया। कई दुकानदारों की सड़क किनारे रखी भवन निर्माण सामग्री जब्त कर ली गई। साथ ही 20 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूल किया। मंगलवार को भी अभियान जारी रहेगा।
नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल के निर्देश पर मुख्य अभियंता कुलभूषण वार्ष्णेय के नेतृत्व में नगर निगम निर्माण विभाग की टीम दो जेसीबी, 50 कर्मचारी और आठ अधिकारियों की पांच टीमें अभियान के लिए उतरी। इन्होंने विकासनगर, चुहरपुर, रामघाट रोड, क्वार्सी क्षेत्र में सड़क किनारे भवन निर्माण सामग्री रख बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा इन टीमों ने सरकारी निर्माण से पैदा हुए मलबे को भी हटवाया।
सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रख अतिक्रमण करने वाले तत्काल सामान को हटा लें अन्यथा नगर निगम निर्माण सामग्री जब्त करते हुए सुसंगत धाराओं में ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगा
- सत्य प्रकाश पटेल, नगर आयुक्त