तकनीक के इस दौर में सरकारी विभागों की अपनी-अपनी आधिकारिक वेबसाइटें हैं, मगर उनमें समय-समय पर होने वाले अपडेट का अभाव है। ऐसा ही हाल यूपी पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट का है, जिसमें अलीगढ़ जनपद के थानों में एक साल पुराने थानेदारों की तैनाती दिखाई जा रही है। इसी तरह कई सीओ की भी पुरानी तैनाती प्रदर्शित हो रही है, लेकिन अब तक इस गड़बड़ी पर किसी की नजर नहीं पड़ी है।
यूपी पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट (uppolice.gov.in) पर डीजीपी से लेकर सभी पदों की जानकारी, उनके मोबाइल नंबर, कार्यक्षेत्र आदि का विवरण दर्ज है। किसी अधिकारी से कैसे संपर्क किया जा सकता है, इस विषय की भी जानकारी दी गई है, मगर अलीगढ़ जनपद के थानेदारों की तैनाती अपडेट नहीं है। वेबसाइट पर अतरौली व सिविल लाइंस थाने में ऐसे थानेदार तैनात दिख रहे हैं, जो छह माह से अधिक का समय दूसरे जनपदों में काटकर वापस जिले में आ गए और वर्तमान में नई जगहों पर तैनात हैं। इनके अलावा, कई ऐसे थानेदार हैं, जो अभी तक जिले के थानों में तैनात दिख रहे हैं, जिन पर दंडात्मक कार्रवाई हुई और उनके यहां से तबादले हो गए। कुछ जहरीली शराब कांड में हटाए गए। कुछ सामान्य तबादला प्रक्रिया के तहत गैर जनपद स्थानांतरित हो गए, मगर पुलिस की वेबसाइट पर इन थानेदारों की तैनाती में बदलाव नहीं किया गया है।
एक थानेदार दो थानों में तैनात
जिले के महुआ खेड़ा व विजयगढ़ थाने में तो एक ही थानेदार को तैनात दिखा रखा है, जबकि वे कभी विजयगढ़ में रहे। फिर महुआ खेड़ा में तैनात किए। अब यहां से भी हट गए। मगर वेबसाइट पर दोनों थानों में उनकी तैनाती दिख रही है।
वेबसाइट पर ये हैं जिले के थानेदार
पुलिस वेबसाइट पर अतरौली थाने में संजय जायसवाल, बन्नादेवी में धीरेंद्र मोहन शर्मा, बरला में उमेश शर्मा, चंडौस में सुजान सिंह, छर्रा में प्रमोद मलिक, सिविल लाइंस में रविंद्र कुमार दुबे, दादों में अजब सिंह, देहली गेट में आशीष कुमार, गंगीरी में प्रमेंद्र कुमार, गभाना में सुबोध उपाध्याय, गांधीपार्क में हरिभान सिंह राठौर, गोधा में सीताराम सरोज, गोंडा में संदीप कुमार, हरदुआगंज में रामवकील, इगलास में प्रदीप कुमार, जवां में चंचल सिरोही, खैर में प्रवेश कुमार, कोतवाली ऊपरकोट में रविंद्र सिंह, क्वार्सी में छोटेलाल, लोधा में अभय शर्मा, महिला थाना में विपिन कुमार, महुआ खेड़ा में विनोद कुमार, मडराक में कुलदीप कुमार, पालीमुकीमपुर में नरेश कुमार, पिसावा में जितेंद्र भदौरिया, सासनी गेट में गोविंद बल्लभ शर्मा, टप्पल में प्रवेश कुमार मान, विजयगढ़ में विनोद कुमार की तैनाती दर्ज है। वर्तमान में ये सभी दूसरी जगहों पर तैनात हैं।
अभी तक ये सीओ भी हैं तैनात
वेबसाइट पर सर्किल दो में गीतांजलि सिंह, बरला में परशुराम, गभाना सर्किल में कर्मवीर सिंह, छर्रा में सुमन कनौजिया, अतरौली में सुदेश गुप्ता, इगलास में मोहसिन खान, सर्किल तीन में अनिल समानिया, सर्किल प्रथम में राघवेंद्र सिंह को सीओ प्रदर्शित कर रखा है। इनकी भी नए स्थान पर तैनाती हो चुकी है।