जिले के 245 स्कूल वाहनों की फिटनेस खत्म हो गई है फिर भी उन्हें बच्चों को उनके घर से लाने और भेजने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा हैं। ऐसे वाहनों स्वामियों को निर्देश दिए हैं कि वह 15 दिन के अंदर फिटनेस करा लें अन्यथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिए जाएंगे। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा प्रबंधकों को आदेश जारी किए हैं।
सहायक संभागीय अधिकारी प्रवर्तन के अनुसार फिटनेस समाप्त वाहनों की थाना वार सूची एसएसपी और स्कूलों के प्रधानाचार्य को सौंप दी है। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा प्रबंधकों से कहा है कि वह वाहनों के 15 दिन में वाहनों की फिटनेस जांच कराकर फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करा लें। जब तक फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त न हो, तब तक वाहन न चलाने दें। अगर कोई बिना फिटनेस के वाहन चलते पाए गए तो उनके वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। पिछले माह गाजियाबाद जिले में एक स्कूली बस में हादसे के बाद से जिला प्रशासन ने यहां की स्कूली बसों की चेकिंग कराई गई थी। जिसमें यह खुलासा हुआ है।