पाली मुकीमपुर थाना क्षेत्र के गांव बिजौली निवासी युवक गोविंद कुमार की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। युवक की मौत पर घर में कोहराम मच गया।
गांव बिजौली निवासी अमीचंद्र का पुत्र गोविंद कुमार (20) बुधवार की दोपहर करीब दो बजे बाइक द्वारा थाना जवां के गांव गोपालपुर निवासी अपने दोस्त से मिलने उसके गांव जा रहा था। अतरौली-आलमपुर मार्ग पर गांव मौसमपुर के निकट पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी अतरौली भेजा। हालत गंभीर होने पर जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराए बिना परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गोविंद चार भाइयों में सबसे छोटा था और आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था।