थाना क्षेत्र के गांव गोपी चांदपुर में बुधवार की सुबह पचास रुपये के लिए दबंगों ने मां-बेटे के साथ मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव गोपी चांदपुर निवासी महिला प्रकाशवती पत्नी रामकिशन ने बताया कि बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे बेटा आकाश अपने ताऊ के घर जा रहा था। तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने पचास रुपये के लेनदेन को लेकर बेटे के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी।
कुछ देर बाद आरोपी पक्ष के लोग लाठी-डंडा लेकर घर पर आ गए। आरोपियों ने प्रकाशवती और आकाश के साथ मारपीट की। पुुलिस ने तहरीर के आधार पर रामजीत, अजय, विकास, सूरजमुखी पत्नी रामजीत व रिंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।