अब जेल से बंदी जानेगा घर का हाल-चाल
- फोटो : महीपाल सिंह
अब अगर किसी बंदी/कैदी का परिवार सप्ताह में मिलने नहीं आ पा रहा है तो बंदी अपने परिवार का हाल-चाल जेल में बैठकर फोन के माध्यम से ले सकेगा। यूपी की जेल में पीसीओ सिस्टम लागू करने की कवायद के तहत अलीगढ़ जेल ने सबसे पहले पीसीओ बनाकर तैयार कर दिया और इसका ट्रायल भी पूरा हो गया। अब डाटा फीडिंग का काम चल रहा और कारागार मंत्री से उद्घाटन के लिए समय मांगा जा रहा है। अगर मंत्री के स्तर से समय नहीं मिल सका तो किसी वरिष्ठ अधिकारी के हाथों पीसीओ का शुभारंभ अगले सप्ताह में करा दिया जाएगा।
तिहाड़ जेल की तर्ज पर यूपी की जेलों में बंदियों को फोन से परिवार को बात करने की सुविधा इस सरकार ने देने का निर्णय लिया। इसी क्रम में सभी जेलों में बीएसएनएल की मदद से पीसीओ सिस्टम लगवाना शुरू हुआ। यहां दो बूथ लगवाए गए हैं और उनका ट्रायल भी पूरा हो गया।
वरिष्ठ अधीक्षक जेल डॉ. वीरेश राज के अनुसार पीसीओ के माध्यम बंदी पांच रुपये प्रति कॉल अपने परिवार से बात कर सकेगा। यह कॉल एक मिनट से लेकर पांच मिनट तक की होगी। पांच मिनट बाद खुद ही कॉल कट जाएगी। इसके बाद बंदी एक सप्ताह के अंतराल पर दूसरी कॉल कर सकेगा। बंदी को कोई भी दो पोस्टपेड नंबर यहां पहले से फीड कराने होंगे। उन दोनों नंबरों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद ही उन पर बातचीत शुरू हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि इस समय यहां नंबर फीडिंग का काम चल रहा है। कारागार मंत्री से उद्घाटन का समय लेने की बात चल रही है। संभव नहीं हुआ तो किसी वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से शुभारंभ कराया जाएगा। इस मौके डिप्टी जेलर आरके सिंह, शैलेष सिंह, अवनीश सिंह भी मौजूद रहे।