आप सबको दिल की गहराइयों से ईद की मुबारकबाद..। मुल्क में अमन चैन कायम रहे और तरक्की की नई इबारत ईद से शुरू हो.. यही दुआ करते हैं। ईद उल फितर का त्योहार शनिवार को पूरे जोशोखरोश के साथ मनाया जाएगा। शुक्रवार शाम 8:10 मिनट पर शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने ईद शनिवार को मनाए जाने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में बादलों की वजह से मुबारक चांद का दीदार नहीं हुआ। लखनऊ से फोन पर आई पुख्ता गवाही के बाद ईद का ऐलान किया जाता है। इसके तुरंत बाद ऊपरकोट जामा मस्जिद का सायरन बजा और गोले दागे गए।
ईद का ऐलान हुआ तो मुबारक चांद रात की बधाइयां दी जाने लगीं। बाजारों में दुकानदारों ने ग्राहकों को और घरों में एक दूसरे से लेकर दोस्तों तक फोन पर ये सिलसिला चल निकला। ऊपरकोट, रेलवे रोड, घास की मंडी, जयगंज, मामूभांजा, कवरकुत्ता, रामघाट रोड, दोदपुर, मेडिकल रोड, अमीरनिशां, शमशाद मार्केट, जमालपुर, भुजपुरा, सासनीगेट, आगरा रोड और मथुरा रोड पर बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी। जरूरत का सामान और बची खरीददारी पूरी की जाने लगी।
इधर, शाहजमाल ईदगाह को रोशन कर दिया गया था, जिसकी खूबसूरती देखते ही बन रही थी। यहां पर ईद की नमाज की तमाम व्यवस्थाएं शाम तक दुरुस्त कर दी गई थीं। शहर की दूसरी मस्जिदों को सजा दिया गया है।
संबंधित खबरें पेज 9 पर f