बाग की रखवाली कर रहे युवक पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। शरीर पर कई जगह काटकर घायल कर दिया। समीप ही मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों के जरिये किसी तरह बंदरों को खदेड़कर उन्हें बचाया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
मोहल्ला सरायवली निवासी 40 वर्षीय महेंद्र सिंह बाग की रखवाली करते हैं। उन्होंने आम तोड़ने का भी ठेका लिया है। 27 जुलाई को महेंद्र सिंह आम तोड़ने के बाद एकत्र कर रहे थे। इसी बीच 10-12 बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया। शरीर में कई जगह काटकर उन्हें घायल कर दिया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी ले गए जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां पर भर्ती कर इलाज चल रहा है।
बाग मालिक सुरेंद्र वार्ष्णेय ने बताया कि बंदरों ने बाग में काफी नुकसान पहुंचाया है। रखवाली कर रहे लोगों पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। उन्होंने तहसील प्रशासन से बंदरों को पकड़वाकर अतरौली से दूर छुड़वाने की मांग की है।