कोतवाली हाथरस गेट में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है, जिसमें आगरा के तीन लोगों पर तमनागढ़ी के कई लोगों को रुपये डबल करने के नाम पर चपत लगाने का आरोप है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ रोड तमना गढ़ी निवासी श्यामवीर सिंह ने कोतवाली हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि रावत कॉलोनी में एक स्काई हाई इंक्रा ई वुल्ड लिमिटेड का ऑफिस था।
यहां पर लोगों से यह कह कर रुपये जमा कराए गए कि उन्हें उनके रुपयों का अच्छा ब्याज मिलेगा और कम समय में रुपये दोगुने हो जाएंगे। इस कंपनी में श्यामवीर सिंह एजेंट के तौर पर काम करता था।
उसने तमाम लोगों के करीब 18 लाख रुपये जमा करा दिए, लेकिन एक दिन कंपनी के लोग ऑफिस बंद कर भाग गए और लोगों के रुपये भी नहीं लौटाए। इस पूरे मामले को लेकर कोतवाली हाथरस गेट में खेमचंद्र पुत्र भगवानदास निवास कुशीनगर टुंडपुरा देवरी रोड आगरा, अशोक पुत्र भगनू प्रसाद निवासी आवास-विकास आगरा और लाखन सिंह चंदेल निवासी सेवला बुद्ध रोड कटरा आगरा के खिलाफ कोतवाली हाथरस गेट में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसआई विपिन यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।