आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व यूपी प्रभारी ने कहा कि ‘आप’ ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अहंकार तोड़ा है। केंद्र की सत्ता पर काबिज होने के बाद नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान से आप को लेकर अहंकार भरी टिप्पणी की थी। मगर दिल्ली की जनता ने उस टिप्पणी को दरकिनार कर ‘आप’ के हाथों में दिल्ली की सत्ता सौंपी।
अब वही दृश्य अब पंजाब में दुहराने जा रहे हैं। संजय सिंह ने यह बातें रविवार को कृष्णांजलि नाट्यशाला में आम आदमी पार्टी के कौमी एकता महासम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने भाजपा-सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दोनों देश व प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने में लगे हैं।
दोनों ने यूपी को इसके लिए अखाड़ा बना रखा है। दिल्ली चुनाव में भाजपा ने दंगे कराने की कोशिश की। मगर हमने पानी मुफ्त देने व आधी कीमत पर बिजली देने का वायदा किया। आज ईमानदारी से दे भी रहे हैं। इसी दम पर हमने दिल्ली जीती और अब पंजाब जीतेंगे। इसके बाद गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल और यूपी में आएंगे।
उन्होंने दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, उड़ीसा के दिग्गज राजनीतिक परिवारों में से नेहरू गांधी परिवार, मुलायम सिंह यादव परिवार, राजनाथ सिंह, शरद पवार, हुड्डा, चौटाला, लालू यादव, पटनायक, नायडू, करुणानिधी आदि की पार्टियों को प्राइवेट लिमिटेड फर्म बताया।
कहा कि इन पर अलीगढ़ का ताला लगाने का वक्त आ गया है। आयोजन में पश्चिमी यूपी के प्रभारी संदीप ढाका, महिला प्रभारी डॉ. छवि यादव, संगीता शर्मा, माजिद देवबंदी सहित सभी जिलों के संयोजक और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के संयोजक मौजूद रहे। संचालन जिला सचिव प्रभात खांडे ने किया, जबकि जिला संयोजक परवेज अली खान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
यहां पर हाजी ताहिर हुसैन, हेमेन्द्र कुमार, हर्ष कालरा, शकील मलिक, एम आलम, मुकेश कर्दम, साबिर राही, अजय गौतम, शब्बीर मलिक, सीएम चौहान, जावेद अख्तर, सत्यकांत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।