पार्क के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण करते नगर आयुक्त।
- फोटो : samvad
शहरवासियों को जल्द ही आधुनिक गांधी पार्क का तोहफा मिलने जा रहा है। नगर निगम द्वारा गांधी पार्क परिसर में कराए जा रहे सुंदरीकरण कार्य अंतिम चरण में हैं। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बृहस्पतिवार रात निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अगले 10 दिनों में सभी कार्य पूर्ण कराने और पार्क को आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए।
महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की पहल पर पार्क को विकसित किया जा रहा है। इसका निर्माण पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इसमें नगर निगम और चयनित ठेकेदार दोनों की बराबर भागीदारी है।
नगर आयुक्त ने पार्क में पाथवे, फव्वारे, इल्यूजन थिएटर, इमर्सिव रूम समेत अन्य निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। कई स्थानों पर टूटी टाइल्स और अव्यवस्थित फिटिंग मिलने पर नाराजगी जताई। ठेकेदार को मरम्मत और दोबारा कार्य कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अभियंताओं को गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने और सभी फिनिशिंग कार्य तय समय सीमा में पूरे कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में विद्युत कनेक्शन, पानी की आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था जल्द शुरू कराने के आदेश भी दिए।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि आधुनिक गांधी पार्क इस बार गर्मी की छुट्टियों में बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन, शिक्षा और तकनीक का अनूठा केंद्र बनेगा।