अलीगढ़। विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोगों और मॉडलों के जरिए साकार करते बाल वैज्ञानिकों ने विकसित भारत की तस्वीर पेश की। टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में मंगलवार को आयोजित 54वीं बाल विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने 119 मॉडल प्रस्तुत किए।
राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज के तत्वावधान में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार रहा। सात उपविषयों पर आधारित प्रदर्शनी में जूनियर वर्ग के 36 स्थिर और 35 क्रियाशील, सीनियर वर्ग के 46 क्रियाशील तथा अध्यापक वर्ग के दो मॉडल प्रदर्शित किए गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अद्वितीय क्षमताएं होती हैं। शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें प्रयोग और खोज के अवसर दें। निर्णायक मंडल के सदस्य प्रो. कविशंकर वार्ष्णेय ने कहा कि कल्पना की उड़ान और प्रयोग की सच्चाई ही विज्ञान का आधार है।
आयोजन में प्रधानाचार्य डॉ. इंदू सिंह और जिला समन्वयक राजीव कुमार अग्रवाल की भूमिका रही।