एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव के प्रस्तावक बने प्रमोद कुमार ने नामांकन पत्र में अपने हस्ताक्षरों को फर्जी करार दिया है। इसको लेकर प्रमोद ने अपने अधिवक्ता के जरिए डीएम सेल्वा कुमारी जे. के समक्ष अपना शपथ पत्र प्रस्तुत कराया। डीएम ने इसी शपथ पत्र व सपा प्रत्याशी को नोटिस देने के बाद भी प्रस्तावक के उपस्थित न होने को आधार बनाते हुए नामांकन खारिज करने का अपना फैसला सुनाया। नामांकन पत्र की जांच के दौरान आपत्ति आने व संदेह होने पर डीएम ने सपा प्रत्याशी को नोटिस देकर तीनों प्रस्तावकों को पेश करने का निर्देश दिया था। दो प्रस्तावकों को मंगलवार को पेश किया गया था। तीसरे प्रस्तावक प्रमोद का इंतजार किया जा रहा था। तभी प्रमोद कुमार के एक अधिवक्ता ने पहुंचकर डीएम के समक्ष शपथ पत्र दाखिल किया। शपथ पत्र में प्रमोद ने नामांकन पत्र में खुद के हस्ताक्षर फर्जी होने की बात कही है।
मेरा नामांकन पत्र अवैधानिक तरीके से खारिज किया गया है। नामांकन के समय सभी प्रस्तावकों को पेश कर उनके हस्ताक्षर कराए गए थे। ऐेसे में प्रस्तावक के हस्ताक्षर कैसे फर्जी हो गए ? प्रमोद ने दबाव में खुद के हस्ताक्षर फर्जी होने का शपथ पत्र दिया है। नामांकन खारिज करने के आदेश के खिलाफ न्याय के लिए हाईकोर्ट की शरण लेंगे।
- जसवंत सिंह यादव, सपा प्रत्याशी