टप्पल क्षेत्र से एक माह पहले लापता किशोरी जिस युवक के साथ गई है। उसे अजमेर के एक कैफे में सीसीटीवी में कैद पाया गया है। वह उसी युवक के साथ हंसते हुए कैफे से निकलती पाई गई। इसके बाद अब युवती की राजस्थान में तलाश की जा रही है। वहीं उसकी सूचना देने वाले को एक लाख का इनाम देने की घोषणा की गई है। यह जानकारी पुलिस ने किशोरी के परिवार को बृहस्पतिवार को दी है।
एसएचओ एसपी सिंह के अनुसार किशोरी 3 दिसंबर को लापता हुई। जिसकी प्राथमिकी किशोरी के पिता ने यश के खिलाफ कराई। इस मामले में विवेचना क्राइम ब्रांच स्तर से चल रही है। अब तक की जांच में पाया गया कि दोनों के बीच एक वर्ष से संपर्क थे। मोबाइल पर जून से दिसंबर के बीच उनमें 213 बार बात हुई। किशोरी के पिता के नाम से ली गई सिम ही युवक चला रहा है। किशोरी खुद अपने घर से अपने पिता की बाइक लेकर गई। उसके बाद युवक को अपने साथ ले गई। बाद में उन्होंने 4 दिसंबर को अजमेर के एक साइबर कैफे में इंटरनेट का उपयोग किया। दस्तावेजों के अनुसार किशोरी के बालिग होने में एक माह का समय शेष है। सीओ वरुण कुमार बताते हैं कि सर्विलांस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं। एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिवार ने दी धरने की धमकी
किशोरी के अब तक न मिलने से आहत उसके परिजन बृहस्पतिवार को डीआईजी कार्यालय पहुंच गए। जहां उन्होंने धरने की धमकी दे दी। इस पर सीओ व एसएचओ टप्पल ने पहुंचकर उन्हें समझाया। डीआईजी से बात करने के बाद परिजन माने। बाद में धरना देने का निर्णय स्थगित कर वापस चले गए।