इस वारदात की सबसे खास बात यह है कि बदमाशों ने धर्म ज्योति काॅलेज के पास कैशियर व कर्मचारी से लूटपाट की है। इसी स्थान पर चार साल पहले फैक्टरी स्वामी का भी अपहरण हुआ था। 17 जून 2020 को इगलास क्षेत्र में गांव भौंरा गौरवा के पास स्कॉर्पियो सवार पुलिस वर्दीधारी बदमाशों ने खुद को एसओजी टीम बताकर फैक्टरी मालिक सुरेश जिंदल का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया था। परिवार से उनको छोड़ने के एवज में 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। कारोबारी की पत्नी रीना ने बदमाशों को छह लाख रुपये देकर पति को मुक्त कराया था।
स्टील फैक्टरी के कैशियर व कर्मचारियों से हुई लूट की वारदात में अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि बदमाश कितनी नकदी लूटकर ले गए हैं। कर्मचारियों द्वारा लूटी गई रकम 12 लाख बताई गई है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। लूट की वारदात के बाद फैक्टरी में आंतरिक विवाद व इसी विवाद में एक कर्मचारी को पिछले दिनों निकाले जाने की बात पता चली है। पुलिस टीमें सभी बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। फैक्टरी स्वामी की ओर से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं मिली है। -अमृत जैन, एसपी देहात अलीगढ़।