क्षेत्र के गांव कारस के मजरा फतेहपुर में नाली निर्माण कराने पहुंचे ग्राम पंचायत सचिव के साथ अभद्रता और जातिसूचक शब्द बोलने, गाली-गलौज का मामला सामने आया है। सचिव ने छह लोगों पर घेरकर धमकाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक के अनुसार, मजरा फतेहपुर में विकास के घर से पोखर तक क्षेत्र पंचायत की ओर से भू-साइप नाली का निर्माण प्रस्तावित था। 10 अक्तूबर को ठेकेदार ने जेसीबी से खोदाई शुरू कराई। दोपहर करीब तीन बजे ठेकेदार ने फोन कर बताया कि गांव के कालीचरन ने काम रुकवा दिया है।
अभिषेक ने कालीचरन से फोन पर बात की तो आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर धमकी दी और गांव आने को कहा। सचिव निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंचे तो कालीचरन, उसकी पत्नी सुनीता, रोवी, ब्रजेश, गोपाल और राजपाल ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और दोबारा गांव आने पर जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ने पर सचिव ने पुलिस से सहायता मांगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह ने बताया कि सचिव की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।