शाम को इस्माइल का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पर पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। मौके पर बसपा नेता सलमान शाहिद और स्थानीय पार्षद यूनुस सहित अन्य लोग भी पहुंच गए। सलमान शाहिद ने बताया कि प्रशासन से बातचीत चल रही है। पीड़ित परिवार बहुत गरीब है। इसलिए मानवता के आधार पर उनकी मदद की जानी चाहिए। परिजनों ने 50 लाख रुपये और गिरवी रखे गए प्लॉट को मुक्त कराने की मांग प्रशासन से की है। पार्षद यूनुस ने कहा कि प्रशासन से मांग की जा रही है कि पीड़ित परिवार के पास अपना कोई घर नहीं है, उनको पीएम आवास योजना के तहत घर भी उपलब्ध करवा दिया जाए।
इस्माइल खुद तहसील आए थे और वहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। प्रशासन का दावा है कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यदि जांच में टीम की ओर से किसी भी तरह की जोर-जबरदस्ती या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।- पंकज कुमार. एडीएम प्रशासन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस्माइल की मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। परिजनों ने बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है। हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। - सर्वम सिंह, सीओ तृतीय