सपा महानगर अध्यक्ष जावेद अजीज पर मुकदमा दर्ज
- फोटो : Rupesh
गांव धौर्रा माफी में 1950 वर्ग मीटर सरकारी ऊसर भूमि पर अवैध कब्जा कर कार्यालय स्थापित करने के मामले में सपा महानगर अध्यक्ष सैयद जावेद अजीज फंस गए हैं। हलका लेखपाल ने उन समेत चार लोगों के खिलाफ लोक संपत्ति अधिनियम व आईपीसी के तहत क्वारसी थाने में दो अलग अलग एफआईआर दर्ज करायी है। यही नहीं बरौला जाफराबाद में भी 5410 वर्ग मीटर सरकारी ऊसर भूमि से अवैध कब्जा हटवा कर इस भूमि को नगर निगम के सुपुर्द कर दिया गया है।
सरकारी भूमियों से अवैध कब्जा हटाये जाने के क्रम में बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जोगिंदर सिंह एवं एसीएम प्रथम रंजीत सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम व पुलिस की टीम ने गांव बरौला जाफराबाद में ऊसर भूमि खसरा नंबर 317/2, 317/4 के क्षेत्रफल 5410 वर्ग मीटर भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। 8.11 करोड़ की इस भूमि पर कुछ दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया था। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण ढहा कर जमीन को नगर निगम की सुपुर्दगी में दे दिया गया। नगर निगम ने अपना बोर्ड लगा दिया है और गुरुवार से वह इसमें बाउंड्रीवाल का निर्माण कराएगा।
इधर गांव धौर्रा माफी में खसरा संख्या 255 की 1950 वर्ग मीटर ऊसर भूमि से भी अवैध कब्जा हटवा दिया गया। इस मामले में हलका लेखपाल होमदत्त ने एक एफआईआर राजवीर सिंह के खिलाफ तो दूसरी एफआईआर जमीन पर सपा का कार्यालय बनाने के मामले में सपा महानगर अध्यक्ष सर सैयदनगर निवासी सैयद जावेद अजीज पुत्र सैयद अजीज, धौर्रा माफी निवासी बनी सिंह एवं फिरदौस नगर निवासी मो.इदरीस पुत्र मो.अख्तर के खिलाफ क्वारसी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह ने बताया कि धौर्रा माफी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गई है।