जिले में जबरदस्त तरीके से फैले संक्रामक रोगों केे प्रकोप के चलते बुधवार को बुखार और डेंगू से आठ लोगों की मौत हो गई। जिले के ब्लाक लोधा के गांव राइट में बुखार से पांच और जवां के छेरत में डेंगू से तीन मौत हो गई हैं। चंद दिनों पहले चार लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है। इस तरह जिले में अब तक बुखार से 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
लोधा के गांव राइट में रहने वाली रिजवाना बेगम (40) पत्नी मोमीन खां दस दिनों से बुखार की चपेट में थीं। मुख्यत्यार अली (72) पुत्र लियाकत अली, जैनव बेगम (70) पत्नी सुलेमान, सद्दाम खां (20) पुत्र विक्की खां और रेशम (26) पत्नी दशरथ खां, इन सभी की बुखार की चपेट में आकर मौत हो गई। दूसरी ओर छेरत के आजाद नगर में रहने वाले रामजी लाल (65), राजकुमार (55) और संजय सिंह (25) की डेंगू के चलते मौत हो गई। इन गांवों में अन्य घरों में भी लोग बीमार हैं।
मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवाओं का वितरण शुरू कर दिया है। सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि प्रभावित गांवों में टीमों ने डेरा डाल दिया है। वह स्वयं भी गांव राइट में हैं। यहां पर 80 ब्लड स्लाइड बनाई गई हैं। 51 मरीजों का परीक्षण किया गया है। तीन लोगों की बुखार से मौत हुई है जबकि एक व्यक्ति की हार्टअटैक से और एक की स्वाभाविक मौत हुुुई है। गांव में डीडीटी दवा का छिड़काव किया गया है। संक्रामक रोगों को लेकर सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।