एसडीएम गभाना को ज्ञापन देते किसान। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Self
राऊपुर गांव के समीप प्रस्तावित बायोफ्यूल प्रोजेक्ट के विरोध में किसानों ने मंगलवार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन गभाना एसडीएम हरिश्चंद्र को सौंपा। एसडीएम ने ज्ञापन राज्यपाल को भेजने और उचित कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। किसान इस प्रोजेक्ट के खिलाफ डेढ़ माह से धरना दे रहे हैं।
भाकियू के प्रदेश सचिव गुलजार सिंह बापू के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोग 31 जनवरी से बायोफ्यूल प्रोजेक्ट के विरोध में धरने पर बैठे हैं। ज्ञापन में किसानों ने राज्यपाल से मांग की है कि प्रोजेक्ट से करीब 50 गांवों की आबादी प्रभावित होगी। इससे प्रदूषण बढ़ेगा और जनजीवन पर दुष्प्रभाव पड़ेगा। इसलिए प्रोजेक्ट को निरस्त किया जाए।
प्रोजेक्ट के लिए आवंटित भूमि पर कन्या महाविद्यालय, खेल स्टेडियम या अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा बनाया जाए। क्षेत्र में कोई कन्या महाविद्यालय नहीं है। खेल स्टेडियम और बस अड्डे की भी आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे उग्र जन आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर गजेंद्र सिंह, रवेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, कुमरपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, हरवीर सिंह, जयवीर सिंह, संजय कुमार मौजूद रहे।