अलीगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को दवा दुकानें बंद रखने का आह्वान किया है, जबकि अलीगढ़ रिटेलर्स केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन ने प्रस्तावित दवा व्यापार बंदी का विरोध करने का निर्णय लिया है।
ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और ई-फार्मेसी के विरोध में 20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए मंगलवार को जिला अलीगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक आगरा रोड स्थित एक हॉस्पिटल के सभागार में हुई।
विज्ञापन
संगठन के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह टिल्लू ने बताया कि ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के निर्देश पर 20 मई को एक दिवसीय बंदी रखी जाएगी। महामंत्री आलोक गुप्ता ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ई-फार्मेसी के कारण बिना वैध पर्चे के दवाओं की उपलब्धता बढ़ रही है, जिससे एंटीबायोटिक्स का दुरुपयोग और नकली प्रिस्क्रिप्शन जैसी समस्याएं जन्म ले रही हैं। चेयरमैन राजीव जैन ने केंद्र और राज्य सरकार से अवैध ई-फार्मेसी पर तत्काल रोक लगाने और प्रिडेटोरी प्राइसिंग (अत्यधिक छूट) पर नियंत्रण की मांग की। इस मौके पर कोषाध्यक्ष शिव शंकर शर्मा, राजीव जैन, शफकत अली, आमिर आबिद आदि मौजूद रहे।
विरोध में रिटेलर्स, दुकानें खुली रखने का ऐलान
अलीगढ़ रिटेलर्स केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित दवा व्यापार बंदी का विरोध करने का निर्णय लिया है संगठन की बैठक भू प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें राष्ट्रीय संस्था ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए गए।
विज्ञापन
बैठक में महामंत्री उमेश श्रीवास्तव और प्रभारी सत्यावेंद्र सत्येंद्र सारस्वत ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी से कहीं ज्यादा ज्वलंत मुद्दे रिटेलर्स के सामने हैं, जिन पर संस्था मौन है। संगठन ने जनपद के समस्त केमिस्टों से अपील की है कि वह 20 मई की न केवल दुकान खुली रखें बल्कि दूर-दराज से आने वाली जनता की सुविधा के लिए 2 घंटे अतिरिक्त सेवाएं दें। महामंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति दुकान जबरन बंद करने की कोशिश करता है तो दुकानदार तुरंत वीडियो साक्षी बनाकर पुलिस हेल्पलाइन 112 पर शिकायत दर्ज कराएं। बैठक में ललित पाठक, भीष्म अग्रवाल, शिवनंदन और राजेश शर्मा उपस्थित रहे।