मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में यूक्रेन से आए एमबीबीएस के तीन छात्र एक चिकित्सक की सहायता कर रहे हैं। हालांकि इसके लिए उन्होंने अधिकारियों से अनुमति नहीं ली है। यूक्रेन से एमबीबीएस कर रहे के तीन छात्र-छात्राएं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बी लाल की सहायता कर रहे हैं। इसमें से एक छात्र यूक्रेन में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष में पढ़ता है, जबकि छात्राओं में से एक एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा है। सभी एप्रिन पहने थे। एक छात्रा मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्लास भी कर रही थी। छात्र-छात्राएं खुलकर बातचीत करने से बच रहे थे।
चिकित्सक डॉ. बी लाल का कहना है कि ये लोग चिकित्सा कार्य में सिर्फ सहयोग कर रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वर देवी बात्रा ने इस संबंध में अनभिज्ञता जताई। उनका कहना है कि यूक्रेन के किसी छात्र ने काम करने की अनुमति नहीं ली है। उल्लेखनीय है कि मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में यूनानी, नर्सिंग, फार्मेसी एवं पैरामेडिकल कॉलेज के छात्र इंटर्नशिप के लिए आते हैं। चिकित्सालय प्रशासन द्वारा उनको प्रमाण पत्र भी दिया जाता है।