मेयर पद के लिए सबसे अधिक दावेदार भाजपा में हैं। 40 से अधिक नेताओं ने महानगर अध्यक्ष के पास बायोडाटा जमा कर दिया है। इनमें निवर्तमान मेयर शकुंतला भारती, पूर्व मेयर आशुतोष वार्ष्णेय एवं पूर्व डिप्टी मेयर मुकेश कुमार मांची से लेकर एबीवीपी एवं संघ की अन्य इकाइयों में काम चुके नेता भी शामिल हैं।
भाजपा के स्थानीय निकाय प्रभारी बाबूराम निषाद, सह प्रभारी रविंद्र बढ़ाना एवं महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत 23 एवं 24 अक्तूबर को बृजधाम गेस्ट हाउस में मेयर एवं पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं का आवेदन लेंगे।
मेयर के टिकट के दावेदारों में महानगर उपाध्यक्ष यतेंद्र वाईके, सुबोध स्वीटी, मनोज शर्मा, महामंत्री मानव महाजन एवं कोषाध्यक्ष पवन खंडेलवाल के अतिरिक्त छह महिला नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें निवर्तमान मेयर शकुंतला भारती, पार्षद डॉ. मधु आंधीवाल, साध्वी पुनीता चेतन के नाम प्रमुख हैं।
ठाकुर जयवीर सिंह के साथ बसपा छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए व्यापारी नेता सौरभ सिक्ससंस ने भी टिकट के लिए आवेदन किया है। स्थानीय निकाय प्रभारी के समक्ष कुछ नए दावेदारों के भी सामने आने की उम्मीद है।
ये भी हैं प्रमुख दावेदार...
डॉ. राजीव अग्रवाल, दीपक मित्तल, कुलदीप पांडेय, उमेश सरकोडा, हरिबाबू गुप्ता, अनिल नवरंग, सुशील मित्तल, प्रवीण अग्रवाल, प्रशांत सिंघल, डॉ. डीडी गुप्ता, कालीचरण वार्ष्णेय, गुनीत मित्तल, ज्ञान प्रकाश गौड़, नितिन अरोड़ा, डॉ. जयंत, कृष्णा गुप्ता, संगीता वार्ष्णेय, डॉ. वीणा शर्मा, अन्नू बीड़ी, श्याम नारायण अग्रवाल, यतिन दीक्षित, मनोज शर्मा, राजीव ख्यालीराम आदि।
500 समर्थकों के साथ दावेदारी करने पहुंचीं माया
नौरंगाबाद छावनी (वार्ड 5) की माया देवी करीब 500 समर्थकों के साथ रविवार को महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत के कनवरीगंज स्थित घर पर पहुंच गई। वह पार्षद टिकट के लिए दावेदारी करने आई थीं। टिर्री व अन्य छोटे वाहनों से समर्थक पहुंचे थे। इस वजह से कुछ समय के लिए मोहल्ले में भीड़ एवं जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं गांधीनगर (वार्ड 33) से पार्षद के लिए सरोज गुप्ता ने आवेदन किया है। उनके साथ करीब 100 कार्यकर्ता पहुंचे। विवेक सारस्वत ने बताया कि वार्ड प्रत्याशियों के करीब 400-500 आवेदन पहुंच गए हैं।