उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के व्यापारी महासम्मेलन व सम्मान समारोह में मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलडोजर बाबा कहे जाने पर महापौर प्रशांत सिंघल भड़क गए। उन्होंने मंच से ही आपत्ति जताई और कुछ देर बाद कार्यक्रम छोड़कर चले गए।
मंगलवार को शहर के आईटीआई रोड स्थित एक मैरिज होम में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल का व्यापारी महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि अब बाबा का बुलडोजर व्यापारियों के घर-घर, दुकानों और शोरूम तक पहुंचेगा। यह बात दोहराए जाने पर मंच पर मौजूद महापौर ने आपत्ति जताई।
महापौर ने कहा कि व्यापारियों के बीच इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर भय का माहौल बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह सरकार के प्रतिनिधि हैं और उनके सामने इस तरह की बातें किया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों को सुरक्षा का माहौल मिला है और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके बावजूद किसी व्यापारी को कोई समस्या है तो वह अपनी शिकायत लिखित रूप में या ज्ञापन के माध्यम से दे सकता है। उसका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं। अपनी नाराजगी जाहिर करने के बाद वह कार्यक्रम से उठकर चले गए। कार्यक्रम में हुई इस घटना की चर्चा व्यापारियों के साथ राजनीतिक हलकों में भी रही।