श्री शांती देवी कल्याणदास सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की 132 वीं जयंती पर गणित मेले का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने गणितीय मॉडल, चार्ट और प्रदर्शनी लगाई जिनमें गणित के सिद्धांत, सूत्र और उनके दैनिक जीवन में उपयोग को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
साथ ही गणित पर आधारित रंगोली, काव्य पाठ तथा निबंध प्रतियोगिता में सहभागिता की। मूल्यांकन रितु गर्ग एवं प्रीती अग्रवाल ने किया। देवेंद्र कुमार वैदिक गणित क्षेत्र संयोजक भारतीय शिक्षा समिति पश्चिमी यूपी ने गणित मेले का शुभारंभ किया। कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद रामानुजन ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से गणित के क्षेत्र में विश्व को नई दिशा दी। उन्होंने वैदिक गणित की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसके सूत्र विद्यार्थियों को कम समय में सटीक गणना करने में सक्षम बनाते हैं, तथा मानसिक विकास में सहायक होते हैं।
प्रधानाचार्य बालकिशन अग्रवाल, प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजीव बंसल, प्रबंधक राकेश कुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष विपुल कुमार गुप्ता, समिति के सदस्य सुभाष चंद्र अग्रवाल, नवनीत माहेश्वरी, दीपक गुप्ता मौजूद रहे।