जिले के 231 जोड़ों के लिए वृहस्पतिवार का दिन विशेष रहा। नकवी पार्क में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुए भव्य आयोजन में वे सभी दांपत्य सूत्र में बंध गए। इसके साक्षी बने उत्तर प्रदेश भवन सन्निर्माण बोर्ड के चेयरमैन रघुराज सिंह, सांसद सतीश गौतम, बरौली विधायक, पूर्व मंत्री ठा.दलवीर सिंह, महापौर मो.फुरकान, महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी एवं जिले के वरिष्ठतम अफसर। सभी ने उन्हें मुक्त कंठ से आशीर्वाद दिया। सांसद ने तो सभी जोड़ों को लोकसभा का भ्रमण कराने तक का न्यौता दे डाला। इस दौरान 10 जोड़े नहीं आए। अब इन्हें धनीपुर एवं अकराबाद में 21 नवंबर को दांपत्य सूत्र में बंधने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर साढ़े 12 बजे सांसद सतीश गौतम, भवन सन्निर्माण बोर्ड के चेयरमैन रघुराज सिंह, बरौली विधायक ठा.दलवीर सिंह, महापौर मो.फुरकान ने दीप प्रज्जवलित कर किया। बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह ने कहा कि आयोजन से हिंदू व मुस्लिमों में परस्पर सद्भाव बढ़ेगा। रघुराज सिंह ने आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की। सांसद सतीश गौतम ने आयोजन के लिए प्रभारी डीएम एवं सीडीओ अनुनय झा को बधाई देते हुए कहा कि इन सभी जोड़ों को वह संसद का भ्रमण कराएंगे। प्रशासन इन्हें पहुंचाने की व्यवस्था करे।
महापौर मो.फुरकान ने भी सभी को मुबारकबाद दी। सीडीओ अनुनय झा ने बताया कि वृहस्पतिवार को 203 हिंदू व 28 जोड़े मुस्लिम जोड़ों का विवाह हुआ है। कार्यक्रम में एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, डीडीओ एमपी मिश्र, समाज कल्याण अधिकारी मनीष कुमार, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी बीपी सत्यार्थी, डीपीओ श्रेयस कुमार, डीपीआरओ पारुल सिसौदिया, जिला प्रोवेशन अधिकारी स्मिता सिंह समेत अन्य अफसर व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हर जोड़े पर खर्च हुए 51 हजार
योजना में हर जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च हुए। इसमें 35 हजार रुपये वधु के खाते में डाले गए। 10 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री तथा 6 हजार रुपये आयोजन पर खर्च हुए। सीडीओ ने बताया कि इस योजना में 2 लाख रुपये की वार्षिक आय सीमा में आने वाले परिवारों के लड़के व लड़कियों को चिन्हित किया गया।
यह मिला सामान
-हिंदू लड़कियों को 30 ग्राम वजनी चांदी की पायजेब व बिछुआ, मुस्लिम लड़कियों को पायजेब व अंगूठी, कुकर समेत सात बर्तन, लड़की को दो साड़ियां, लड़के को सफारी सूट, टावल, बैड शीट, तकिया आदि।
यह रही व्यवस्थाएं
-आयोजन स्थल पर 125 सफाईकर्मी, चार मोबाइल टायलेट, दस वाटर टैंक, दो एंबुलेंस, चेजिंग रूम, ड्रोन कैमरा व सेल्फी कार्नर।
सेल्फी कार्नर रहा आकर्षण का केंद्र
इस बार के आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा द्वारा विशेष रूप से तैयार कराया गया सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहा। वर एवं वधु ने एक साथ इस प्वाइंट पर अपनी सेल्फी ली। कई तो परिजनों समेत सेल्फी लेते नजर आए।
महिला शिक्षकों ने कराया दुल्हनों का श्रंगार
आयोजन स्थल पर बने चेजिंग रूम में दुल्हनों के लिए श्रृंगार की भी व्यवस्था थी। डीपीआरओ पारुल सिसौदिया के नेतृत्व में महिला शिक्षकों ने दुल्हनों को तैयार किया।
एक तरफ वैदिक मंत्र तो दूसरी तरफ निकाह पढ़ा
आयोजन में हिंदू एवं मुस्लिम जोड़ों की एक साथ शादियां हुई। एक तरफ तुरही एवं नफीरी की मधुर धुन के मध्य पंडितजी वैदिक मंत्रोच्चारण से फेरे करा रहे थे तो दूसरी तरफ काजी निकाह पढ़ा रहे थे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विवाह के बाद मिले सामान को ले जाते दुल्हा दुल्हन।- फोटो : CITY OFFICE
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में विवाह के बाद सेल्फी लेता दूल्हा।- फोटो : CITY OFFICE