थाना टप्पल के गांव मालव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पिता ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तार से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
टप्पल क्षेत्र के गांव नगरिया गौरौला निवासी बाबूलाल ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने बेटी सोनिया की शादी 3 मई 2022 को गांव मालव निवासी शिवम के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बुलट बाइक व 2 लाख रुपये कैश की मांग को लेकर उत्पीड़न करते थे। सोनिया के बताने पर ससुरालीजनों को समझाया भी था।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार की रात करीब साढ़े तीन बजे पति ने अपने माता-पिता के सहयोग से सोनिया की तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना पर गांव पहुंचे तो सोनिया आंगन में मृत अवस्था में पड़ी थी, ससुरारीजन फरार थे। सोनिया ने अपने पीछे एक बेटी व बेटे को बिलखते छोड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपित सास बबीता, ससुर जयंती व पति शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से सोनिया के पैतृक गांव में आक्रोश का माहौल बताया गया है।
क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार ने बताया गांव मालव में बीती रात सोनिया नाम की महिला के ससुराल में मृत होने की सूचना थाना टप्पल को मिली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और रिपोर्ट के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।