दुर्गापुर में बीती रात एक विवाहिता ने घर के बरामदे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के पिता ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
राहुल उर्फ छोटे मजदूरी करता है। मंगलवार को वह मजदूरी करके लौटा और खाना खाकर कमरे में सो गया। रात में करीब साढ़े नौ बजे उसे बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी। जब वह जागा तो देखा कि पत्नी मनीषा (26) कमरे में नहीं थी। कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद था। आवाज लगाने पर पड़ोसी मौके पर आ गए। उन्होंने देखा तो मनीषा फंदे पर लटकी हुई थी। लोगों ने राहुल को बाहर निकाला। पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मृतका के पिता हरि सिंह निवासी नौहझील मथुरा ने बताया है कि मनीषा की शादी साढ़े चार साल पहले हुई थी, उसने अपने पीछे बेटे गप्पू और एक बेटी को रोता हुआ छोड़ा है। ग्रामीणों ने बताया है कि करीब 15 दिन पहले पति-पत्नी में विवाद हुआ था। टप्पल थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया है कि बुधवार की शाम परिजनों और मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मृतका के पिता ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।