कोरोना काल में 102 दिन बाद पुराने शहर के बाजारों में दुकानें पूर्ण रूप से खुलीं दिखीं। मगर, दोपहर में ग्राहक नदारद दिखे। शाम को इन बाजारों में जरूर चहलकदमी हुई। दुकानदारों को उम्मीद है कि ग्राहक धीरे-धीरे खरीदारी के लिए बाजारों का रुख करेगा, जिससे शहर की अर्थव्यवस्था पटरी पर लौटेगी।
बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के निर्णय पर मामू भांजा, रेलवे रोड, कनवरी गंज, महावीर गंज, बड़ा बाजार में सम-विषम का नियम समाप्त हुआ और दोनों साइड के दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें खोलीं। दोपहर 12 बजे के बाद बाजार का खुलना शुरू हुआ। मगर, दोपहर में चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी के कारण ग्राहक बाजारों में नहीं दिखे।
आम दिनों में जिन बाजारों में पांव रखने को जगह नहीं होती थी। वहां की सड़कों पर आराम से राहगीर और वाहन दौड़ते दिखाई दिए। शाम को जरूर खानपान के शौकीनों से लेकर जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोग घरों से निकले। अच्छी बात यह रही कि लोग बिना मास्क पहने बाजारों में नहीं दिखे। दुकानदारों ने भी मास्क और सैनिटाइजर इस्तेमाल के बैनर लगा रखे थे।
मास्क पहनकर ही पहुंचे पेट्रोल भरवाने
जिले में तीन जुलाई से हुई नो मास्क नो पेट्रोल की व्यवस्था का भी असर खूब दिखा। पेट्रोल पंप पर वाहन चालक बिना मास्क लगाए नहीं पहुंचे। इक्का-दुक्का वाहन चालक बिना मास्क के पहुंचे भी तो उन्हें पंप कर्मियों ने लौटा दिया। जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा के मुताबिक शाम तक किसी भी पंप संचालक की ओर से बिना मास्क आने वाले लोगों की सूचना नहीं दी गई है। शुक्रवार से टीमों को भी चेकिंग के लिए भेजा जाएगा। साथ ही पंप के सीसीटीवी भी चेक किए जाएंगे।
प्रशासन ने दोनों तरफ का बाजार खोलकर राहत दी है। बृहस्पतिवार को शहर की अपेक्षा गांव के लोग खरीदारी को अधिक आए। दरअसल, यह निर्णय सहालग के दौरान होता तो कपड़ा व्यापारियों को अधिक फायदा होता।
- आशीष, साड़ी विक्रेता, मामू भांजा
मुस्लिम इलाकों के बाजारों में लोग खरीदारी को निकल रहे हैं। मगर, कोरोना का भय इस कदर है कि दुकान पर अगर दो ग्राहक खड़े हों तो तीसरा अंदर आने की बजाय दूसरी दुकान पर चला जाता है।
- सारिक कुरैशी, कपड़ा व्यापारी, ऊपरकोट
आम दिनों की अपेक्षा लोग गुटखा और पान से भी दूरी बना चुके हैं। बृहस्पतिवार को दोनों साइड का बाजार खुला। मगर, गर्मी और कोरोना के डर के कारण भीड़ गायब रही। शाम को बाजारों में चहलकदमी जरूर हुई।
- मुकेश वार्ष्णेय, परचून दुकान संचालक, रेलवे रोड