बाइक सवार दोनों दोस्त (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ के छर्रा थाना क्षेत्र के दादो रोड पर तेज गति से आ रही बोलेरो कार बाइक सवार दो युवकों को रौंदते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। घटना में बाइक और कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पांचों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बाइक सवार दोनों दोस्तों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में पता चला कि बाइक सवार दोनों दोस्त रजत माहेश्वरी और मोहसिन खान छर्रा कस्बे से बुधवार रात आठ बजे जिम करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरौली बंबा के पास तेज गति से चली आ रही अनियंत्रित बोलेरो कार दोनों को रौंदते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
पांचों घायल लोगों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां बाइक सवार दोनों दोस्त रजत माहेश्वरी और मोहसिन खान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, बोलेरो कार सवार तीनों युवकों का उपचार चल रहा है।