कोरोना संक्रमण से सर्राफा कारोबारी की मौत के बाद शहर में आए भूचाल को थामने के लिए पुलिस प्रशासनिक स्तर से कड़ी कवायद की जा रही है। तय किया गया है कि उनकी मां की मौत के दिन से लेकर त्रयोदशी संस्कार तक जो भी शोक संवेदना व्यक्त करने या त्रयोदशी में शामिल होने उनके घर गया है, वह होम क्वारंटीन होगा और जीओ टैगिंग के जरिये व ड्रोन कैमरे की निगरानी में रहेगा।
अगर किसी ने क्वारंटीन तोड़ने की कोशिश की तो उस पर सीधे-सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस काम को पूरा कराने का जिम्मा सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया है। इसके लिए पुलिस की सर्विलांस सेल तक की मदद ली जा रही है और लोगों की कॉल डिटेल तक खंगाली जा रही हैं। त्रयोदशी संस्कार में शामिल हुए 60 लोगों की सूची बना ली गई है। जिसे जल्द सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि लोग उनसे सावधान रहें।
शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी की कोरोना संक्रमण से मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हुआ है कि आखिर उन्हें संक्रमण कहां से मिला? उनके जरिये संक्रमण कहां-कहां तक गया? चूंकि उनकी मां के अंतिम संस्कार से लेकर त्रयोदशी संस्कार तक में शहर के राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक क्षेत्र के कई ऐसे बड़े नाम हैं जो उनके घर पहुंचे थे, जो शहर में लगातार भ्रमण शील रहते हैं।
इस वजह से किसी को भी खतरा पैदा हो सकता है। इसी वजह से प्रशासन ने पुराने शहर के पुलिस सर्किल प्रथम क्षेत्र में सौ फीसदी लॉकडाउन घोषित किया है और अब कारोबारी के घर जाने वालों की सूची बनाना शुरू कर दिया है। बुधवार को त्रयोदशी में शामिल होने वाले 60 लोगों की सूची बनकर तैयार हो गई है। बाकी दिनों के लिए पुलिस सर्विलांस सेल काम कर रहा है। कॉल लोकेशन की मदद से और टावर लोकेशन की मदद से यह नाम जल्द सामने आ जाएंगे। इस पूरे मामले में जांच व कार्यवाही का जिम्मा सिटी मजिस्ट्रेट विनीत सिंह को सौंपा है, जिसे वह एक सप्ताह में पूरा करके देंगे।
कारोबारी के घर पहुंचने वाले व्यक्तियों की सूची सीडीआर निकलने के बाद सामने आएगी। सभी के सैंपल लिए जाएंगे। सभी को होम क्वारंटीन किया जाएगा। ये तब तक होम क्वारंटीन रहेंगे, जब तक इनकी रिपोर्ट निगेटिव नहीं आ जाती है। नगर निगम इन सभी के घर पर होम क्वारंटीन के पोस्टर चस्पा कराकरा जियो टैगिंग कराएगा, ताकि ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था हो सके। होम क्वारंटीन अवधि के दौरान यदि किसी ने भी बाहर निकलने की कोशिश की या नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ मुकदमा जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- चंद्रभूषण सिंह, डीएम
हाथरस-मथुरा समेत अन्य जिलों से भी आये थे रिश्तेदार
सर्राफा कारोबारी के घर शहर भर से अनेक गणमान्य लोगों के साथ उनके मथुरा हाथरस समेत अन्य जिलों के रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर सीडीआर के जरिये इनका पता ठिकाना पता लगाकर परीक्षण कराने की तैयारी कर रहा है। सीडीओ अनुनय झा ने बताया है कि अब तक जांच के दायरे में मृत कारोबारी के 38 परिजन व 60 अन्य लोग हैं। इनमें बाल काटने वाला, पंडित, कैटरर एवं गणमान्य लोग शामिल हैं। इन सभी की सीडीआर निकलवाई जा रही हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ाने वाले भी रडार पर : एसएसपी
एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर और कारोबारी के परिवार को लेकर तरह-तरह की अफवाहें सोशल मीडिया पर उड़ाई जा रही हैं। कुछ लोग बाकायदा जान बूझकर ऐसा कर रहे हैं। कोई पूरे परिवार को पॉजिटिव बता दे रहा है तो कोई कुछ। यह सोशल मीडिया प्लेट फार्म पर देखने में आ रहा है। इसे लेकर सोशल मीडिया सेल ने कुछ लोगों/एकाउंटों को चिह्नित कर लिया है। उन पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। लोगों को एक बार फिर सलाह है कि इस तरह की गतिविधियों से बचें।