फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बसपा में बढ़ी रार, इस्तीफों पर तकरार

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव में टिकट देने के एवज में मोटी रकम वसूलने को लेकर बसपा में उठापटक मची है। बसपा नेताओं पर भाजपा, कांग्रेस और सपा से आए लोगों के साथ आपराधिक छवि वाले लोगों को टिकट देने का आरोप लग रहा है।
विज्ञापन

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का नाम भी लिया जा रहा है, जिसने बसपा नेताओं से टिकट के मामलों में सांठगांठ की है। पार्टी में इस्तीफों को लेकर भी खेल चल रहा है। रणवीर सिंह कश्यप-महेश चौधरी खेमे ने शनिवार को 11 लोगों से इस्तीफे दिलवा कर दबाव बनाया है तो सूरज सिंह-रतनदीप सिंह गुट इस्तीफे वापस करा कर अपनी साख बचा रहा है।
बीते बुधवार को जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह के आवास पर हुई मारपीट के बाद लगातार रार बढ़ती जा रही है। रणवीर सिंह कश्यप-महेश चौधरी और सूरज सिंह-रतनदीप सिंह गुट अब खुल कर आमने सामने आ गए हैं। जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह ने कहा है कि इस्तीफे गफलत में लिखवाए जा रहे हैं। बरौली विधानसभा अध्यक्ष कोमल सिंह से भी इस्तीफा लिखवाया था, लेकिन उन्होंने खुद इसका खंडन किया।
विज्ञापन

अलीगढ़ जनपद के मुख्य सेक्टर प्रभारी रहे महेश चौधरी ने बताया कि पूरे प्रकरण से राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल गौतम को अवगत करा दिया गया है। उन्हीं के माध्यम से बहन जी से मिलने का समय मांगा गया है। समय मिलते ही लखनऊ जाएंगे और पार्टी आलाकमान के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह ने जिन लोगों पर मारपीट और लूटपाट की धाराओं में झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। वह प्रतिष्ठित लोग हैं। सीसीटीवी की रिकार्डिंग में स्पष्ट है कि किसने मारपीट की है। स्थानीय स्तर पर कई आपराधिक लोगों को तवज्जो देकर उनको जिपं चुनाव में मोटी रकम लेकर समर्थन दिया जा रहा है।
अब तक 15 नेताओं ने दिए इस्तीफे
शनिवार को बरौली विधानसभा महासचिव शेर सिंह उर्फ योगेंद्र कुमार, बरौली विधानसभा के प्रभारी योगेश कुमार, वरिष्ठ कार्यकर्ता पवन कुमार बीठना इगलास, नगर उपाध्यक्ष इगलास राकेश कुमार तोमर, भूप सिंह राव इगलास विधानसभा पूर्व अध्यक्ष, वीवीएफ संयोजक इगलास बृजेश कुमार भारती, नगर कोषाध्यक्ष इगलास अब्दुल रज्जाक, जिला संयोजक वीवीएफ रवेंद्र कुमार सिंह, नगर सचिव इगलास सुनील गौतम, कोषाध्यक्ष इगलास समीर अली जीतू, पूर्व अध्यक्ष इगलास हाकिम सिंह ने इस्तीफा दिया है।
इस्तीफा देने वाले अधिकांश सदस्य इगलास विधानसभा से जुड़े हैं। इससे पहले शुक्रवार को अलीगढ़ सेक्टर प्रभारी सुनील निगम, महानगर अध्यक्ष दिनेश बघेल, कोषाध्यक्ष इंजीनियर मोम्मद रिजवान और इगलास विधानसभा अध्यक्ष सचिन भास्कर ने इस्तीफा दिया था।
इस्तीफा देने वाले पार्टी के नहीं, किसी व्यक्ति के खास : मुनकाद अली
आगरा अलीगढ़ मंडल के मुख्य प्रभारी व पूर्व सांसद/पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जानकारी आलाकमान के पास है। जो होना था, हो चुका। अब जो लोग इस्तीफे दे रहे हैं, वो पार्टी के नहीं किसी व्यक्ति के खास हो सकते हैं। अभी तक पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
जब अधिसूचना जारी होगी, तभी पार्टी उम्मीदवार घोषित करेगी, तब ये भी स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा, सपा, कांग्रेस से आए कितने लोगों को पार्टी ने टिकट दिया। अभी तक कोई उम्मीदवार फाइनल नहीं हुआ है। जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह ने कहा कि जिन लोगों का शनिवार को इस्तीफा देना बताया जा रहा है, वह उनसे गफलत में लिखवाया गया है। हकीकत में इस्तीफा नहीं हुआ है। बरौली विधानसभा के लोग उनसे जुड़े हुए हैं।
सूरज की शिकायत डीआईओएस से
इगलास विधानसभा का उपचुनाव लड़ चुके बसपा नेता अभय कुमार बंटी ने डीआईओएस को प्रार्थना पत्र देकर आगरा अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सूरज सिंह की लिखित शिकायत की है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज खैर में सहायक अध्यापक पद पर तैनात सूरज सिंह सरकारी वेतन लेकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने के आरोप लगे हैं। वेतन वसूली की मांग की गई है। डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि इस मामले में जांच कराने के बाद कार्रवाई होगी।
बसपा में टिकट बेचना शर्मनाक : कांग्रेस
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट ठा. संतोष सिंह जादौन ने बसपा में टिकट बेचने और समर्थन के नाम पर मोटी रकम ऐंठने को शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि बसपा जनता के अनमोल समर्थन को बेच रही है। बसपा जिलाध्यक्ष के कार्यालय पर मारपीट ने इसकी पुष्टि कर दी है। बसपा द्वारा विशेष जाति वर्ग के वोट दिलाने की गारंटी दी जा रही है, जो मिथ्या है। पार्टी जिन लोगों की ठेकेदार बनती है, उनके लिए आखिर क्या किया है..? ये भी तो बताए। जनता अब प्रदेश में झूठ, अत्याचार व माफिया को सबक सिखाने का मन बना चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें