गांव नहल निवासी मनीराम की मौत सड़क हादसे के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के चलते हुई थी। उसके साथी नलकूप पर तड़पता हुआ छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस ने ट्रैक्टर का भी पता लगा लिया है, साथ ही एक व्यक्ति को बाइक सहित हिरासत में लिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक व घर से बुलाकर ले जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव नहल निवासी श्याम कुमारी के अनुसार 25 मई को उनके पति मनीराम जगतपुर के निकट बाग में मौजूद थे। गांव नौरथा निवासी हरेंद्र सिंह व कलियान सिंह बाइक से वहां पहुंचे और पति से पट्टे पर बाग दिलाने की बात करने लगे। श्याम कुमारी के मना करने के बावजूद दोनों उनके पति को जबरन अपने साथ बाइक पर अतरौली चलने के लिए कहकर लिवा ले गए।
अतरौली जाते समय गांव इनातपुर के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से मनीराम घायल हो गए। इस पर ट्रैक्टर चालक भाग निकला। हरेंद्र व कलियान सिंह भी उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय घायल अवस्था में संजू निवासी पहाड़गढ़ी के नलकूप पर ले गए और वहीं पर तड़पते हुए छोड़कर भाग खड़े हुए। इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव से मौत होने की वजह सामने आई है। हादसे से संबंधित सभी तथ्य जुटा लिए गए हैं।