फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोधा से लापता युवक की हत्या, खैर के जंगल में फेंका शव

विज्ञापन
सोनू । फाइल फोटो - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
लोधा क्षेत्र के गांव अकरावत से तीन दिन से लापता युवक की साथियों ने हत्या कर शव खैर क्षेत्र में अंडला के जंगल में फेंक दिया था। दो दिन से गुमशुदगी के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस ने बुधवार सुबह उसके साथी को हिरासत में लेकर शव बरामद कर लिया। शराब पिलाने के बाद युवक की गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस ने हत्या में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। देररात तक दोनों से पूछताछ जारी थी। प्रथम दृष्टया अवैध संबंधों में बाधक बनने पर हत्या की बात सामने आ रही है।
विज्ञापन

गांव अकरावत निवासी किसान अशोक कुमार का इकलौता विवाहित बेटा 25 वर्षीय सोनू अपने ट्रैक्टर-ट्राली से कृषि कार्य के साथ-साथ मिट्टी भराव/खनन का भी काम करता था। परिजनों के अनुसार, उसके साथ मिट्टी खनन का काम करने वाले पप्पू पुत्र कालीचरन निवासी नगला धुंधी खैर ने सोमवार दोपहर सोनू को फोन किया और कहा कि कहीं काम देखने जाना है। सोनू दोपहर 3 बजे खैर जाने की कहकर घर से निकला। देर रात न लौटने पर उसकी खोज शुरू की गई। परिजन पप्पू के घर तक गए। मगर, पप्पू नहीं मिला और न सोनू का सुराग लगा। मंगलवार दोपहर को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
रातभर तलाशा मोबाइल, सुबह मिली लाश
इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने जब सर्विलांस की मदद ली तो सोनू के मोबाइल की लोकेशन लोधा-गोंडा-खैर बॉर्डर के गांव चिंता की नगरिया, लौहर्रा आदि के जंगलों में आई। इस पर पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से रात दो बजे तक मोबाइल की तलाश की। मगर सफलता नहीं मिली। सुबह पुलिस ने पप्पू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने अंडला गांव के पीछे बबूल के जंगल से लाश बरामद करा दी। गरमी के कारण शव से दुर्गंध आने लगी थी। मौके पर उसकी बाइक, शराब के खाली क्वार्टर, नमकीन के खाली पाउच आदि मिले। उसने स्वीकारा कि यहां उसे बुलाकर शराब पिलाने के बाद गमछे से गला घोंटकर सोमवार शाम को ही मार दिया गया था। इसके बाद एक अन्य नामजद अनिल को भी हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन

मुकदमे में गांव के भाइयों सहित चार नामजद
सोनू के पिता की तहरीर पर पप्पू के अलावा गांव के अनिल व उसके भाई हरेंद्र व अतरौली के गांव बिन्नौर निवासी रोहित को नामजद किया गया है। एसओ लोधा रामवकील के अनुसार अभी हिरासत में लिए गए दो नामजदों से पूछताछ होनी बाकी है। इसके बाद ही कारण स्पष्ट होगा। इधर, दोपहर बाद शव पोस्टमार्टम केंद्र आ गया था, जहां से पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था।
भीड़ के बीच चर्चाओं से उजागर हुई वजह
हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से बच रही है। पूछताछ की बात कह रही है। मगर, मौके पर लगी भीड़ और थाने पर हुई पूछताछ के बाद प्रथम दृष्टया इस हत्या के मूल में सोनू के परिवार की महिला से अनिल के अवैध संबंधों की बात निकलकर आ रही है। लोगों की मानें तो अनिल भी मिट्टी खनन का काम सोनू व पप्पू के साथ करता था। कुछ माह पहले अनिल को महिला संग देख लिया गया था। इसके बाद इन दोनों पक्षों में झगड़ा भी हुआ था। इस झगड़े का मुकदमा भी लिखा गया था। इसी खुन्नस में अनिल ने पप्पू से सांठ-गांठ कर यह हत्या की है।
रक्षाबंधन पर राखी नहीं बांध पाएगी बहन
सोनू अपने पिता का इकलौता बेटा था। उससे छोटी उसकी अविवाहित बहन है। घर में मां पिता के अलावा पत्नी व एक चार साल का बच्चा भी है। रक्षाबंधन से ऐन पहले इस घटना के बाद परिवार में कोहराम तो है ही, सबसे बुरा हाल उस बहन का है जो अब कभी अपने भाई के राखी नहीं बांध पाएगी। परिवार में करुण क्रंदन के बीच यह बात बार-बार उठ रही थी।
-अकरावत से लापता हुए युवक की हत्या कर शव अंडला के पास फेंका गया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। नामजद मुकदमा दर्ज कर कुछ लोग हिरासत में लिए गए हैं। पूछताछ जारी है। उसके आधार पर आगे कार्रवाई व खुलासा होगा।-अभिषेक एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें