उत्तर प्रदेश के खैर के गांव चौधाना में 26 वर्षीय युवक ने मंगलवार रात फेसबुक पर लाइव आकर फांसी लगा ली। पूरी घटना का लाइव वीडियो तेजी के साथ वायरल हुआ। वीडियो देखकर कुछ लोगों ने घटना की जानकारी युवक के बड़े भाई को दी। जब तक परिजन युवक के पास पहुंचे उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव चौधाना निवासी सचिन सारस्वत पुत्र केशव देव लाल डिग्गी पर विद्युत विभाग में निजी कर्मचारी के रूप में कार्य करता था। वह रोजाना की तरह मंगलवार की शाम अलीगढ़ से लौटकर गांव आया था। घर पर पहले उसने शराब पी। उसके बाद कमरे में बंद होकर फेसबुक पर लाइव आकर फांसी के फंदे पर झूल गया।
करीब 18 मिनट के खुदकुशी के लाइव वीडियो को उसके कई फेसुबक फ्रेंड्स ने देखा। वीडियो देख कुछ लोगों ने सचिन के बड़े भाई संजीव को सूचना दी। संजीव ग्रामीणों के साथ दौड़कर सचिन के मकान पर पहुंचा। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो सचिन पंखा के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।
युवक द्वारा फेसबुक लाइव पर जाकर सुसाइड किया गया है। मामले में जांच की जा रही है। जो भी वजह सामने आएंगी। उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-मोहसिन खान, सीओ खैर