मोहल्ला बैसपाड़ा में फेसबुक पर बहन-बेटियों पर अभद्र टिप्पणी के मामले में दो पक्ष भिड़ गए। एक युवक पर धारदार हथियार से हमला हुआ है। इसकी तहरीर पुलिस को दे दी है।
मोहल्ला निवासी एक युवक का आरोप है कि उसके ही मोहल्ले के दो युवक पिछले कुछ दिनों से फेसबुक व सोशल मीडिया पर बहन-बेटियों की फोटो पोस्ट कर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। साथ ही धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट भी डाली गईं। पीड़ित के अनुसार कई बार समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माने और एक सप्ताह पूर्व गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। बृहस्पतिवार को वह बैसपाड़ा बाजार से बरी अड्डे की ओर जा रहा था, तभी आरोपियों से उसका सामना हो गया। इससे विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दो आरोपियों ने अपने 4-5 साथियों के साथ धारदार हथियार से सौरभ पर हमला कर दिया। सौरभ के हाथ में चोट आई है, जबकि शरीर व चेहरे पर भी कई चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस घटना की जांच कर रही है। युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।