जिले में लंपी डिजीज के बढ़ते प्रकोप को लेकर अलीगढ़ पहुंचे विशेष सचिव पशुधन विभाग देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा है कि लंपी स्किन डिसीज पशुओं मुख्यत: गोवंश को प्रभावित करता है। इसकी रोकथाम एवं इससे पशुओं विशेषकर गोवंशों में संक्रमण को कम करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को भी इस रोग से पशुओं को मुक्त कराने के अभियान में जुटने का आह्वान किया।
कलेेक्ट्रेट में डीएम इंद्र विक्रम सिंह एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि यह एक प्रकार की आपदा है। इसे सामान्य ड्यूटी न समझें। संवेदनशीलता से कार्य करते हुए पशुधन को बचाने में जी-जान से जुट जाएं। तेजी से वैक्सीनेशन करें।
जिले में 70 हजार वैक्सीन उपलब्ध कराई जा चुकीं हैं। मांग और आवश्यकतानुरूप इसकी और आपूर्ति करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां भी वैक्सीनेशन के लिए जाएं पशुपालकों को रोग की रोकथाम के लिये प्रशिक्षित करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों को फैलने से रोकते हुए पैनिक स्थिति न उत्पन्न होने दें। उन्होंने लंपी स्किन डिजीज बीमारी के प्रभावी नियंत्रण पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि अंतरराज्यीय एवं अंतर जनपदीय सीमाओं से पशु परिवहन को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। इसी प्रकार जनपद में भी पशु मेले, पैंठ एवं बाजारों को स्थगित कराया जाए। उन्होंने पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि क्लस्टर बनाकर सफाई कर्मियों के माध्यम से गोआश्रय स्थलों की साफ-सफाई कराई जाए। चूना, एंटी लार्वा एवं डीडीटी का छिड़काव कराया जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में एंटी लार्वा एक्टिविटी कराई जाए। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने आश्वस्त किया कि अभियान को सफल बनाया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि सात विकास खंडों में 107 ग्राम पंचायतें प्रभावित हैं। जिनमें टप्पल के सर्वाधिक 72 ग्र्राम, चंडौस के 10, खैर के 15, अतरौली के 02, गंगीरी के 03, लोधा के 02 और इगलास की 03 ग्राम पंचायतों में कुल 3608 पशु प्रभावित हैं।
जबकि 78,523 पशुओं को संदिग्ध की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 38 सैंपल जांच के लिए मथुरा भेजे गये हैं। 36 टीमों ने अब तक 6102 पशुओं को वैक्सीन लगा दी गयी है। सीडीओ अंकित कुमार खंडेलवाल, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, एसपी क्राइम रजनी सिंह आदि मौजूद रहे।