आईटीआई रोड पर मिले डाक विभाग के बोरे को खोलने के लिए पुलिस का इंतजार किया गया। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और बोरे को लोगों से छीनकर भागने लगा। लोगों ने युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। उसे कैमरे में भी कैद कर लिया। इसी दौरान युवक वहां से भाग निकला। स्थानीय पार्षद दिनेश भारद्वाज ने बताया कि जिस युवक ने बोरा छीनकर भागने की कोशिश की है। वही युवक बोरा यहां छोड़कर गया होगा। मौके पर पहुंचे डाक विभाग के कर्मचारियों को भी युवक का फोटो दिखाया गया, लेकिन उन्होंने युवक को विभाग का कर्मचारी मानने से इंकार कर लिया।
दिहाड़ी देकर लगा दिए निजी कर्मचारी
साधारण डाक को बांटने में डाक विभाग की लापरवाही लगातार सामने आती है। बताया जाता है कि इसका बड़ा कारण यह भी है कि डाक वितरण में लगे कर्मचारियों ने दिहाड़ी पर कुछ निजी कर्मचारियों को डाक बांटने का कार्य दे दिया है। निजी कर्मचारी भागदौड़ से बचने के लिए डाक के बोरे कूड़े के ढेर में फेंक देते हैं। आईटीआई रोड पर जिस युवक ने डाक के बोरे को लेकर भागने की कोशिश की है, यह निजी कर्मचारी बताया जा रहा है। चूंकि साधारण डाक का कोई रिकॉर्ड डाक विभाग नहीं रखता इसलिए डाक कर्मचारियों की मनमानी बनी हुई है।
रोज एकेडमी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक देशदीपक स्कूल की दूसरी मंजिल पर रहते हैं। इस समय उनके पैर की हड्डी टूट गई है, इसलिए वह मुश्किल से ही चल पाते हैं। इसलिए नीचे नहीं आते। बुधवार की सुबह उनके घर पर रसोई की सफाई का कार्य करने के लिए आने वाली महिला ने जानकारी दी कि बुधवार की सुबह एक्टिवा पर सवार तीन युवक एक बोरा स्कूल के गेट के बाहर छोड़कर गए थे। बोरा अभी तक वहीं पड़ा है। इस जानकारी पर देशदीपक नीचे आए और इसकी जानकारी स्थानीय पार्षद को देकर पुलिस बुलवाई।
शादी 19 जनवरी को, समय पर कैसे पहुंचेगा निमंत्रण पत्र
आईटीआई रोड पर मिले डाक विभाग के बोरे में शादी के कई कार्ड थे। गौतम और स्वर्णा की शादी 19 जनवरी को है। इसमें शामिल होने के लिए आगरा रोड निवासी संजीव सक्सेना को भेजा गया निमंत्रण पत्र बोरे में मिला है। पला रोड निवासी अमित अग्रवाल को भेजा गया आशीष और स्नेहा की शादी का कार्ड भी बोरे में मिला है। राजा गौड़, मुस्तकीम आदि लोगों के आधार कार्ड भी बोरे में हैं। नौरंगाबाद निवासी मनीष कुमार को सांसद सतीश गौतम की ओर से भेजा गया पत्र भी बोरे में मिला है।