वरिष्ठ अधिवक्ता महमूद प्राचा के अलीगढ़ आने व सीएए और एनआरसी के विरोध में 15 अगस्त से बड़ा आंदोलन शुरू करने की योजना से संबंधित खबर सार्वजनिक होने के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिखकर महमूद प्राचा एवं आंदोलन की योजना बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी खत की प्रतिलिपि भेजी है। मुकेश लोधी का कहना है कि आठ अगस्त को अधिवक्ता अलीगढ़ आए थे। उन्होंने अपने समर्थकों से मिलकर सीएए और एनआरसी के विरोध में 15 अगस्त से राष्ट्र व्यापी आंदोलन शुरू करने की योजना बनाई है। मुकेश ने आरोप लगाया कि आज पूरा देश कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से जूझ रहा है, दूसरी ओर महमूद प्राचा देश का माहौल खराब करने की कोशिश में लगे हुए हैं।