खेरेश्वर मंदिर के पास सड़क पर पानी का छिड़काव करती नगर निगम टीम।
- फोटो : CITY OFFICE
नगर निगम के एक हजार से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी कांवड़ियों की राह को आसान बनाने में जुटे हैं। कांवड़ियों को धूल से बचाने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। सड़कों पर पैचवर्क कराया जा रहा है। खेरेश्वर सहित प्रमुख 20 स्थानों पर पेयजल टैंकर का इंतजाम किया गया है।
महाशिवरात्रि को देखते हुए कांवड़ मार्ग को चार सर्किल में बांटा गया है। प्रत्येक सर्किल में एक नोडल अधिकारी, 10 अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सुपर नोडल अधिकारी के नेतृत्व में 1050 सफाई कर्मचारी यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने में जुटे हैं। पथ प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम किए जा रहे हैं। कांवड़ियों के लिए जगह-जगह मार्ग संकेतक लगवाए गए हैं। रामघाट रोड, गांधी पार्क, मीनाक्षी पुल, खैर रोड, मसूदाबाद, खैर बाईपास रोड पर सड़कों पर पैचवर्क कराया जा रहा है। खेरेश्वर धाम जाने वाले मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है।
नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह ने बताया कि खेरेश्वर धाम सहित कांवड़ मार्ग व भंडारा स्थल पर 20 पेयजल टैंकर लगाए गए हैं। सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। जगह-जगह कूड़ेदान के अतिरिक्त खेरेश्वर मंदिर के पास तीन मोबाइल टॉयलेट लगवाए गए हैं।
महाशिवरात्रि के दिन बंद रहेगी मीट दुकानें
अलीगढ़। महाशिवरात्रि के दिन महानगर में मीट की दुकानें पूर्णत: बंद रहेंगी। नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह ने कहा कि यदि कोई मीट की दुकान खुली हुई पाई जाती है तो लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ विधिक कार्रवाई की जाएगी। आवारा पशुओं के विचरण रोकने के लिए इंतजाम किए गए हैं।