जहरीली शराब की सप्लाई कर जिले में दर्जनों मौतों के जिम्मेदार शराब के अवैध धंधेबाजों की पुलिस की ओर से धरपकड़ जारी है। इस मामले में डीएम चंद्रभूषण सिंह ने महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए कहा है कि मौत के सौदागर अनील चौधरी, सुधीर, ऋषि, मुनीश, ओमवीर उर्फ विपिन यादव, विजेंद्र कपूर व इनके अन्य साथियों को शराब माफिया घोषित किया जाए।
साथ ही इनके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाए, जिससे कि इनके द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्ति को गैंगेस्टर एक्ट के तहत जब्त किया जा सके। इसके लिए उन्होंने एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल को जिम्मा सौंपा है। एडीएम प्रशासन ने पुलिस ने सभी अवैध शराब के सौदागरों के नाम आधिकारिक तौर पर लिखा-पढ़ी में मांगे हैं।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि शराब कांड में मुकदमों ने नामजदों को छोड़ा नहीं जाएगा। इनके खिलाफ हर संभव कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इनके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई का आदेश मुख्यमंत्री की ओर से मिल चुका है। उसकी भी लिखा-पढ़ी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा माफिया घोषित करने के साथ ही गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई होगी। आयकर, राजस्व व पुलिस विभाग को इनकी संपत्ति चिन्हांकन का काम सौपा है।